टी-20 विश्व कप के रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रन से हराया
मुंबई, आईसीसी टी-20 विश्व कप 2026 में रविवार को इंग्लैंड और नेपाल के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए ग्रुप सी के इस मैच में नेपाल को आखिरी ओवर में जीत के लिए 10 रन चाहिए थे, लेकिन टीम सिर्फ 5 रन ही बना सकी। इंग्लैंड ने मुकाबला चार रन से जीतकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए थे। जवाब में नेपाल की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 180 रन ही बना सकी।
इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल को चौथे ओवर में पहला झटका लगा। आसिफ शेख 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 42 के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज कुसल भुर्तेल 17 गेंदों में 29 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने 2 विकेट लिए, जबकि सैम कर्रन, विल जैक्स, ल्यूक वुड और जोफ्रा आर्चर को एक-एक सफलता मिली।
इससे पहले इंग्लैंड की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट एक रन बनाकर आउट हुए, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर 26 रन ही बना सके। टॉम बैंटन भी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद जैकब बेथेल और कप्तान हैरी ब्रूक ने पारी को संभालते हुए रन गति बढ़ाई।
नेपाल की ओर से दीपेंद्र सिंह एयरी और नंदन यादव ने 2-2 विकेट लिए, जबकि शेर मल्ला और संदीप लामिछाने को एक-एक विकेट मिला।

