मुख्यमंत्री योगी ने श्रीरामलला के किए दर्शन, परिसर में निर्माण कार्यों की प्रगति की ली जानकारी
मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी में संतों से भी मुलाकात कर पूछा कुशलक्षेम
अयोध्या, गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन
किये। मुख्यमंत्री ने श्रीराम मंदिर परिसर में निर्माण कार्यों की प्रगति की की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने आज अयाेध्या पहुंचने पर सबसे पहले संकटमोचन हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की। मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी में संतों से भी मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री यहां सबसे पहले महंत प्रेमदास महाराज से मिले।
इससे पहले मुख्यमंत्री याेगी का अयोध्या पहुंचने पर रामकथा पार्क हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान जनपद के प्रभारी मंत्री/कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय आदि मौजूद रहे।

