साइबर जागरूकता कार्यशाला में दी गई ऑनलाइन सुरक्षा की जानकारी
पूर्वी सिंहभूम, बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए गुरुवार को सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर जमशेदपुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम के तहत विशेष कार्यशाला का आयोजन पुलिस उप महानिरीक्षक रमेश कुमार, ग्रुप सेंटर के निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यशाला में बैंकिंग और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जवानों, उनके परिवार के सदस्यों और पेंशनभोगियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय एसबीआई बैंक के मैनेजर ने उपस्थित लोगों को बताया कि आज के डिजिटल दौर में मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के कारण साइबर अपराध के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ठग अक्सर फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी या केवाईसी अपडेट के नाम पर लोगों से उनकी निजी और बैंकिंग जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। ऐसी स्थिति में किसी भी अनजान कॉल या संदेश पर भरोसा नहीं करना चाहिए और अपनी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें, एटीएम या बैंकिंग पासवर्ड को समय-समय पर बदलते रहें और केवल आधिकारिक ऐप या वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें। इसके अलावा उन्होंने साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और साइबर क्राइम पोर्टल पर रिपोर्ट करने की सलाह दी।
कार्यशाला में सीआरपीएफ के सक्रिय जवानों के साथ-साथ उनके परिवार के सदस्य और सेवानिवृत्त कर्मी भी शामिल हुए।

